कहा- जाति-धर्म की खाई पाटना और भाईचारा बढ़ाना यात्रा का उद्देश्य, दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी से करेंगे मुलाकात
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर रविवार को (मुगलसराय)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से दिल्ली तक पदयात्रा पर निकले बंगाल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष देवाशीष सिंह का रविवार को गोधना स्थित एनएच-19 पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में हुए स्वागत के बाद देवाशीष सिंह ने शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के आवास पर रात्रि विश्राम किया।
देवाशीष सिंह ने बताया कि उन्होंने 31 मई 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली स्थित गंगा घाट पर स्नान करने के बाद पदयात्रा शुरू की थी। इसके बाद असम के कामाख्या मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और अब मां कामाख्या का फूल व प्रसाद लेकर पैदल दिल्ली जा रहे हैं। वह दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अपनी यात्रा समाप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य देश में जाति और धर्म के नाम पर बनी खाई को पाटना, शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित होकर उन्होंने इस पदयात्रा का संकल्प लिया। अब तक वह करीब 1200 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय कर चुके हैं।
देवाशीष ने बताया कि रोजाना लंबी दूरी पैदल तय करने के दौरान मौसम, स्वास्थ्य, शरीर में दर्द, खान-पान और ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं मिलने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वह अपने संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कलकत्ता से दिल्ली तक पहुंचने में करीब डेढ़ माह और लगने की उम्मीद है।
स्वागत के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने कहा कि देवाशीष ने कई महीनों से पैदल यात्रा कर राहुल गांधी से मिलने का संकल्प लिया है। उन्होंने उनकी यात्रा को लेकर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर शाहिद तौसीफ, डॉ. जीके पांडेय, डॉ. इकरामुद्दीन, राजकुमार गोंड, कन्हैया मोदनवाल, मनीष भारती समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अशोक कुमार जायसवाल









