सिसवा में धूमधाम से हुआ गणपति बाप्पा का विसर्जन, जयघोष से गूंजा नगर*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिसवा बाजार महराजगंज। स्थानीय नगर पालिका सिसवा बाजार में शनिवार को श्री गणेश प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा नगर ‘गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर में स्थापित सभी गणेश प्रतिमाएं सबसे पहले स्टेट चौक पर एकत्रित हुईं। वहां से विशाल विसर्जन शोभायात्रा शुरू हुई जो काली मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर, अमरपुरवा चौराहा, गोपाल नगर, रोडवेज बस स्टैंड, पुरानी पुलिस चौकी रोड, स्टेशन रोड, श्री श्याम मंदिर, फल मंडी और शायर स्थान चौराहा होते हुए बीजापार स्थित खेखड़ा घाट पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

शोभायात्रा के सबसे आगे ‘सिसवा के महाराज’ के नाम से प्रसिद्ध हिन्दू कल्याण मंच समिति का दल धर्मध्वजा लिए चल रहा था। इसके पीछे सब्जी मंडी, अमरपुरवा, पोखरा टोला सहित नगर के एक दर्जन से अधिक पंडालों की विशाल प्रतिमाएं कतारबद्ध होकर चल रही थीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत डांडिया नृत्य, भव्य झांकी और संगीतमय आराधना मुख्य आकर्षण का केन्द्र रही।

विसर्जन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए थे। सुरक्षा की कमान उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी रवीन्द्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा और सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य ने संभाल रखी थी। शांति व्यवस्था के लिए PAC बल के साथ-साथ घुघली, ठूठीबारी, निचलौल, भिटौली, श्यामदेउरवा, बरगदवा, परसा मलिक और चौक सहित 12 थानों की भारी पुलिस फोर्स पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रही।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]