बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी, बस चालक गंभीर घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। खड्डा-पडरौना मार्ग पर भुजौली बाजार के पास रविवार सुबह 7 बज के 40 मिनट पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान श्रवण पुत्र रामकिशन, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी सरवन खड्डा के रूप में हुई है। श्रवण निजी बस चालक है और खड्डा से पडरौना के बीच बस चलाता है।

जानकारी के अनुसार श्रवण अपने घर से खड्डा बस स्टैंड जाने के लिए बाइक से निकला था। उसे बस चलाने के लिए खड्डा पहुंचना था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह नौरंगिया से खड्डा की ओर जाते हुए भुजौली बाजार स्थित जमुनिया टोला के पास पहुंचा, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।

हादसे के बाद श्रवण काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। आसपास के लोगों की नजर पड़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया।

सीएचसी तुर्कहा में चिकित्सकों ने घायल श्रवण का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में गंभीर चोट आई है। सिर के एक हिस्से की हड्डी अंदर की ओर धंस गई है और काफी रक्तस्राव हुआ है। अस्पताल पहुंचने के समय उसकी हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही श्रवण के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों की मौजूदगी में एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका आगे का इलाज कराया जा रहा है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने भी घटना की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों को लेकर बताया जा रहा है कि बाइक अचानक अनियंत्रित होने के चलते हादसा हुआ।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]