सिंदुरिया/महराजगंज। सिंदुरिया पंचमुखी चौराहे और आसपास के क्षेत्र में बढ़ती आबादी, व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन को देखते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सिंदुरिया ने क्षेत्र के विकास को लेकर पांच सूत्रीय मांगें उठाई हैं। शनिवार को व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी को प्रार्थनापत्र सौंपकर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग की।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि सिंदुरिया पंचमुखी चौराहा पिछले कई वर्षों से लगातार विकसित हो रहा है। बाजार का विस्तार होने के साथ ही यहां लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों के विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने सिंदुरिया को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग को प्रमुखता से रखा।
प्रार्थनापत्र में मुख्य चौराहे सहित पांच प्रमुख मार्गों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है, ताकि रात के समय राहगीरों और स्थानीय लोगों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिल सके। इसके अलावा राहगीरों के लिए विश्रामालय की व्यवस्था, छठ घाट का सुंदरीकरण और पंचमुखी चौराहे पर गोलंबर निर्माण की मांग भी शामिल है।
विकास के लिए पांच प्रमुख मांगें
– सिंदुरिया को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाए।
– मुख्य चौराहे व पांच प्रमुख मार्गों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए।
– राहगीरों के लिए विश्रामालय की व्यवस्था की जाए।
– छठ घाट का सुंदरीकरण कराया जाए।
– मुख्य चौराहे पर गोलंबर का निर्माण कराया जाए।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की सुविधाओं में विस्तार होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सांसद से संबंधित विभागों और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल के अध्यक्ष विद्याभूषण गुप्ता सहित पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही विकास संबंधी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल होगी।









