एटा में फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एटा। थाना मारहरा पुलिस ने फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी के नाम पर कथित तौर पर चलाए जा रहे फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2022 से बीएस मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी के नाम से कथित फर्जी शैक्षणिक व्यवस्था संचालित की जा रही थी। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को एक व्यक्ति के अपहरण और दो लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस को यह सूचना कथित तौर पर झूठी और भ्रामक मिली। इसी जांच में सतेन्द्र कुमार द्वारा फर्जी मेडिकल कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी संचालित किए जाने का मामला सामने आया।

पुलिस का दावा है कि यहां डीफार्मा, बीफार्मा, बीएससी नर्सिंग, डीएमएलटी, बीएमएलटी, बीएएमएस, जीएनएम और एएनएम जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश के नाम पर छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से रकम ली जाती थी।

जांच के दौरान पुलिस को छात्रों की कथित फर्जी सेमेस्टरवार मार्कशीट, एनरोलमेंट और रोल नंबर, अटेंडेंस रिकॉर्ड, एडमिशन फॉर्म, आई-कार्ड समेत कई शैक्षणिक दस्तावेज मिले। पुलिस ने डेल कंपनी का लैपटॉप, चार बैंकों के फर्जी चेक, 16 छात्र आईडी कार्ड, फीस रसीदें, परीक्षा पुस्तिकाएं, जाली प्रश्नपत्र, फर्जी मोहर, मोहर लगे लेटर पैड, प्रचार सामग्री और कथित फर्जी मार्कशीट बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस ने मामले में सतेन्द्र कुमार, गौरव अग्रवाल, भगवान दास, नरेन्द्र उर्फ पप्पू और मो. शरीफ कुरैशी को गिरफ्तार किया है। थाना मारहरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]