बिजनौर। चांदपुर में गैस कनेक्शन दिलाने का झांसा देकर युवती से जेवर ठगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर युवती और उसके परिवार को अपने जाल में फंसाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की बालियां, कुंडल, गले का पेंडल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक चांदपुर के मोहल्ला फिना बस्ती सराय रफी निवासी इदरीश अहमद ने 27 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि 25 अगस्त को एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और खुद को चांदपुर गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया। उसने गैस सिलेंडर दिलाने की बात कहकर इदरीश की पैशन प्रो बाइक ले ली।
इसके बाद आरोपी युवती को रिलायंस पेट्रोल पंप के पास छोड़कर उसके पिता को भी बहाने से दूसरी जगह ले गया। बाद में आरोपी युवती के पास पहुंचा और गैस कनेक्शन के लिए गारंटी के तौर पर जेवर दिखाने की बात कही। उसकी बातों में आकर युवती ने सोने की बालियां, कुंडल और पेंडल उसे दे दिए। जेवर लेकर आरोपी बाइक समेत फरार हो गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 150 घंटे की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रिहान उर्फ मिंजार, निवासी एचौड़ा कंबोह, संभल है। एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।









