फल-सब्जी व्यवसायियों के धरने को सपा ने दिया समर्थन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। फल-सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर समाजवादी पार्टी के नेता चंद्रशेखर यादव पहुंचे और फल-सब्जी व्यवसायियों को समर्थन देते हुए उनकी मांगों को जायज बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों के हितों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

धरने के दौरान आयोजित बैठक में एसोसिएशन के संस्थापक दयाराम यादव, उपाध्यक्ष बिसुन प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री गिल्लू सरदार अमरनाथ, कोषाध्यक्ष त्रिलोकी सोनकर, संगठन मंत्री महेंद्र प्रसाद सोनकर तथा मीडिया प्रभारी राजकुमार सोनकर और मनोज जायसवाल ने व्यापारियों की समस्याएं रखीं। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से स्थायी मंडी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

चंद्रशेखर यादव ने भाजपा विधायक रमेश जायसवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फल-सब्जी व्यवसायियों के अध्यक्ष को विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री से मिलवाया गया था, इसके बावजूद व्यापारियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद भी उनकी समस्याओं की सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार डबल इंजन की सरकार और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात करती है, लेकिन धरातल पर फल-सब्जी व्यवसायी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। आरोप लगाया कि व्यापारियों पर मुकदमे दर्ज कर और कार्रवाई का भय दिखाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी अन्याय और उत्पीड़न होगा, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता व्यापारियों के साथ खड़े रहेंगे।

चंद्रशेखर यादव ने वर्ष 2016 में तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार के दौरान स्थायी मंडी के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

बैठक में उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल, वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र प्रसाद सोनकर, पारस सोनकर, विशाल सोनकर, सचिन सोनकर, अनिल सोनकर, विजय प्रसाद, राम सिंह सोनकर, अवधेश साहिल सहित बड़ी संख्या में फल-सब्जी विक्रेता और व्यापारी मौजूद रहे।

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]