महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में प्रशासन द्वारा मृतक परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लिखित आश्वासन दिए जाने के एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद सहायता राशि न मिलने से भारतीय किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। वहीं किसान नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजू कुमार गुप्ता के साथ योगेंद्र कुमार राय द्वारा कथित अमर्यादित गाली-गलौज के मामले में भी अब तक कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।
इसी क्रम में शनिवार को भारतीय किसान संघर्ष समिति की महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती सोनी भारती एवं ब्लॉक अध्यक्ष श्री राममिलन गुप्ता के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मृतक परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और योगेंद्र कुमार राय के कथित अमर्यादित व्यवहार के मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक सहायता राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रशासन को अपने लिखित आश्वासन का पालन करते हुए मृतक परिजनों की आर्थिक मदद तत्काल उपलब्ध करानी चाहिए।
महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि संबंधित मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके और उन्हें न्याय का भरोसा कायम रहे। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मृतक परिजनों को आर्थिक सहायता नहीं दी गई और अमर्यादित गाली-गलौज के मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में सीमा देवी, रेखा यादव, वेदव्यास, श्रीचंद, प्रहलाद गुप्ता, सावित्री देवी, शांति देवी, अनीता देवी, रीता देवी, सैयद जावेद, मीरा देवी, संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भारतीय किसान संघर्ष समिति ने कहा कि मृतक परिजनों को न्याय एवं आर्थिक सहायता दिलाने और संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।









