संपूर्ण समाधान दिवस में 17 मामले आए, तीन का मौके पर निस्तारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के समक्ष पहुंचे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार और तहसीलदार पंकज शाही मौजूद रहे। अधिकारियों के समक्ष कुल 17 मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित सात, पुलिस विभाग से संबंधित पांच, विकास विभाग से संबंधित चार तथा अन्य विभाग से संबंधित एक मामला शामिल रहा।

अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्राप्त 17 मामलों में से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। समाधान दिवस के माध्यम से फरियादियों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने और उनके निस्तारण का अवसर मिल रहा है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]