कुशीनगर। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सपही टड़वा में शुक्रवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:10 बजे सपही टड़वा में पुरानी रंजिश को लेकर नीरज पटेल पुत्र बुधई पटेल निवासी सपही टड़वा और उसके मित्र रोहित खरवार पुत्र सुरेंद्र खरवार निवासी हाटा धुरिया, थाना सेवरही, पर चाकू से हमला किया गया। आरोप है कि अजय निषाद पुत्र उमेश निषाद और रंजन खरवार पुत्र मंजेश खरवार निवासी बभनौली थाना सेवरही तथा आदित्य आर्या और विकास आर्या निवासी बरवा राजापाकड़ थाना तुर्कपट्टी ने दोनों पर हमला किया।
हमले में नीरज पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि रोहित खरवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल नीरज का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
*छह-सात माह पुरानी घटना से जुड़ी रंजिश*
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे करीब छह-सात माह पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अजय निषाद और रंजन खरवार ने सेवरही थाना क्षेत्र स्थित एक कृषि फर्म के गार्ड के साथ मारपीट की थी। इस मामले में नीरज पटेल चश्मदीद गवाह था। गार्ड की ओर से थाना सेवरही में प्रार्थनापत्र दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पक्ष को संदेह था कि नीरज पटेल ने ही गार्ड को उनके नाम-पते और अन्य जानकारी बताई थी। इसी बात को लेकर पहले भी नीरज के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में नीरज पटेल ने 17 सितंबर को थाना सेवरही में प्रार्थनापत्र भी दिया था।
*आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित*
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था कायम होने की बात कही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही घटना के कारणों और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।









