बुलंदशहर। अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एलडीएवी इंटर कॉलेज के पास बदरपुर से भरा एक डंपर अचानक झुग्गी के ऊपर पलट गया। हादसे के बाद झुग्गी में एक बच्चे के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर एसडीएम और सीओ समेत कई थानों की पुलिस पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। पुलिस और राहत टीमों द्वारा डंपर के नीचे दबे लोगों की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि डंपर सड़क निर्माण कार्य के लिए बदरपुर लेकर जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर डंपर झुग्गी पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बच्चे के झुग्गी के अंदर होने की आशंका के चलते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बच्चे के सुरक्षित होने को लेकर सभी की निगाहें राहत टीमों पर टिकी हैं।









