25 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बलंदशहर, यूपी। नरौरा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से शातिर बदमाश धनेश घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि नरौरा पुलिस वाजिदपुर रजवाहे के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश धनेश गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने बरामद हथियार और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल बदमाश से पूछताछ के साथ उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]