महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर बहला-फुसलाकर विवाह करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने, मारपीट और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने मामले में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
नगर पालिका परिषद महराजगंज के वार्ड नंबर-15 आजाद नगर निवासी सायरा उर्फ शीलम पुत्री रामबेलास ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ वर्ष पूर्व पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बरगदवां विशुनपुर निवासी शौकत अली ने उसे बहला-फुसलाकर विवाह किया और अपने घर ले गया। आरोप है कि शादी के बाद उसे घर से बाहर निकलने नहीं दिया जाता था। महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और पति उसके साथ अप्राकृतिक यौन व्यवहार करता था।
महिला के अनुसार, उसके पति ने समरधीरा चौराहे पर ‘सनम सुपर स्टार आर्केस्ट्रा’ के नाम से कंपनी संचालित कर रखी है। आरोप है कि आर्केस्ट्रा में काम करने वाली एक डांसर से पति के संबंध होने के बाद उसकी प्रताड़ना और बढ़ गई। महिला ने आरोप लगाया कि पति उसके साथ मारपीट करता था, बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था और उसे कमरे में बंद रखता था। साथ ही महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बेचने की कोशिश की जा रही थी।
प्रार्थिनी के मुताबिक, 31 अगस्त 2025 को दोपहर करीब 12 बजे पति ने मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह उसने डायल 181 पर सूचना दी। शाम करीब चार बजे पुरंदरपुर थाने से महिला कांस्टेबल और पुलिसकर्मी पहुंचे तथा उसे घर से निकालकर थाने लाया गया। महिला का आरोप है कि पुलिस ने पति को थाने बुलाने के बाद छोड़ दिया और कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता ने अब उच्चाधिकारियों से मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।









