महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार में एक महिला ने अपने पति समेत चार लोगों पर मारपीट करने और चाकू से आंख पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। साहू जी नगर वार्ड नंबर-4 निवासी रोबिना खातून ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उस पर पहले दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए हमला किया गया।
रोबिना के मुताबिक, उसने पति टीपू, जेठ अरसद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना का मुकदमा कोर्ट में दर्ज कराया है। इस मामले में 8 सितंबर को उसका बयान भी दर्ज हुआ था। आरोप है कि इसके बाद पति टीपू और जेठ अरसद उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि 15 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे टीपू, अरसद, अरसद का बेटा अरमान और बहनोई अलीहसन ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अरसद ने कथित तौर पर चाकू से उसकी आंख पर वार कर दिया, जिससे गंभीर चोट आई। मारपीट में उसका हाथ भी टूटने का आरोप है।
महिला का कहना है कि आरोपी उसे सड़क पर छोड़कर चले गए और धमकी भी दी। गंभीर हालत में उसे महराजगंज से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।
पीड़िता के अनुसार, उसकी बहन ने घटना की सूचना थाने पर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर एफआईआर दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई और मामले की जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।









