निजी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इलाज के दौरान मौत के बाद अस्पताल कर्मियों पर मारपीट का भी आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कसया। नगर के गोरखपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार रात इलाज के दौरान 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर इलाज में लापरवाही और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सेवरही थाना क्षेत्र के मठिया भोकरिया निवासी सरल यादव की पत्नी जीरा देवी (50) को परिजन बुधवार को इलाज के लिए कसया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि विरोध करने पर अस्पताल कर्मियों से नोकझोंक और मारपीट भी हुई। सूचना मिलने पर कसया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

कसया एसओ इत्यानंद पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधन ने गंभीर हालत में भर्ती होने की बात कही

वहीं, अस्पताल के डॉक्टर योगेश्वर मद्धेशिया ने इलाज में लापरवाही के आरोप से अलग मरीज की गंभीर हालत को मौत की वजह बताया। उन्होंने कहा कि महिला 16 सितंबर की शाम गंभीर स्थिति में अस्पताल लाई गई थी। उसके फेफड़े, पेट और लीवर समेत कई अंगों में पानी भरा हुआ था। महिला के हृदय की कार्यक्षमता भी करीब 25 प्रतिशत बताई गई थी। डॉक्टर के अनुसार परिजनों को मरीज की गंभीर स्थिति और बचने की संभावना बेहद कम होने की जानकारी पहले ही दे दी गई थी।

डॉक्टर ने बताया कि महिला की हालत बेहद गंभीर थी और हृदय संबंधी जटिलताओं के कारण हृदय गति रुकने का खतरा अधिक था। उनके अनुसार महिला की मौत सोते समय हुई। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज के साथ उस समय केवल एक लड़की मौजूद थी। बाद में गांव से अन्य लोगों के आने के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]