महराजगंज निचलौल। सिसवा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की राजनीति को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सपा नेता गौरीशंकर गुप्ता उर्फ ‘फौजी भईया’ ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। मुलाकात की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
समर्थकों के अनुसार, गौरीशंकर गुप्ता लंबे समय से सिसवा विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और लगातार जनसंपर्क कर लोगों से संवाद कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र में मिल रहे जनसमर्थन से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता और बढ़ी है।
मुलाकात के बाद गौरीशंकर गुप्ता ने कहा कि उनके लिए राजनीति जनसेवा और जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने का माध्यम है। सिसवा क्षेत्र के लोगों के सम्मान, अधिकार और स्थानीय मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
अखिलेश यादव से हुई मुलाकात को समर्थकों ने सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। हालांकि, मुलाकात में चुनाव को लेकर क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद क्षेत्र में इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।









