महराजगंज। भिटौली क्षेत्र में महदेवा से सिसवा मुंशी को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से मरम्मत को लेकर प्रभावी पहल नहीं की गई है।
यह मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से होकर स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण बच्चों को परेशानी होती है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतकर निकलना पड़ता है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है तथा गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इकबाल अहमद, जितेंद्र गौड़, वसीम, भृगुनाथ पटेल और आसिफ समेत अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।









