बिजनौर में भैंस चोरी के बाद पुलिस मुठभेड़, दो आरोपी घायल; तीन गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजनौर। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य आरोपी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को बेगम सराय निवासी इकरामुद्दीन ने दो भैंस चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 17 सितंबर की रात अफजलगढ़ पुलिस हरेवली रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की गई भैंसों को पिकअप वाहन में लेकर कुछ आरोपी गुजरने वाले हैं।

पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन लेकर कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी पर पिकअप पेड़ से टकरा गई। इसके बाद वाहन में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, तीसरे आरोपी को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। इस दौरान कांस्टेबल मोहित के भी घायल होने की बात पुलिस ने बताई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिब, इरशाद और शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बेगम सराय से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की भैंसें, पिकअप वाहन, दो .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी अफजलगढ़ भेजा गया।

पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान
जिला: बिजनौर, उत्तर प्रदेश

और पढ़ें

[the_ad id="164"]