नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म/टिंटेड ग्लास पर महराजगंज पुलिस की सख्ती, 84 वाहनों के चालान, 3 सीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म, टिंटेड ग्लास और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों की जांच की। विशेष रूप से चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी नियम विरुद्ध काली फिल्म, अत्यधिक गहरी टिंटेड फिल्म, अपारदर्शी परत तथा ऐसी अतिरिक्त सामग्री की जांच की गई, जिससे वाहन के अंदर की दृश्यता प्रभावित होती है।

चेकिंग अभियान के दौरान नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और टिंटेड ग्लास लगे कुल 84 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 03 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस टीमों ने मौके पर कई वाहनों से नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म और टिंटेड ग्लास को हटवाते हुए संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की।

महराजगंज पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि वाहनों के शीशों पर ऐसी काली, अत्यधिक गहरी अथवा अपारदर्शी फिल्म या परत का प्रयोग न करें, जिससे चालक की दृश्यता प्रभावित हो अथवा वाहन के अंदर की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देने में बाधा उत्पन्न हो। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म अथवा टिंटेड ग्लास पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]