महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिगरी बेलहिया में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में मां समेत दो मासूम बच्चों की नाले में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पूनम (48) और उनके बच्चे विपिन (7) व सुहानी (6) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, पूनम दोनों बच्चों के साथ ससुराल वीट नर्सरी जाने के लिए घर से निकली थीं। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बुधवार शाम करीब पांच बजे जंगल किनारे स्थित नाले में तीनों के शव मिले।

शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि पूनम के पति मोहित बाहर रहकर पेंटर का काम करते हैं। पूनम गांव में अपने पांच बच्चों के साथ रहती थीं।
हादसे के बाद परिवार में अब तीन बेटियां भागवानी (21), पूजा (19) और अनीता (12) रह गई हैं। सूचना पर पहुंची पनियरा पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









