लखीमपुर खीरी। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को बाराबंकी में रोके जाने और कथित पथराव व तोड़फोड़ के विरोध में लखीमपुर खीरी में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद गोंडा जाते समय बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया। संगठन का आरोप है कि इसी दौरान काफिले पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना हुई। इन आरोपों को लेकर विभिन्न स्थानों पर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
लखीमपुर खीरी में प्रदर्शनकारियों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आजाद समाज पार्टी के जिला महामंत्री शफीक अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।









