कसया। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मैनपुर के विभिन्न टोलों में बुधवार को विधायक पीएन पाठक ने भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सुबह करीब 8:30 बजे विधायक मैनपुर के खदही चौराहे पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। बातचीत के दौरान उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके बाद विधायक बूथ अध्यक्ष अमरनाथ कुशवाहा, मनोहर कुशवाहा और विभूति कुशवाहा के घर पहुंचे और कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना। वह बूथ अध्यक्ष एवं उन्नतशील किसान मनोहर कुशवाहा के खेत में लगी पपीते की फसल देखने भी पहुंचे। उन्होंने पपीते की अच्छी खेती के लिए किसान की सराहना की। इसके अलावा काफी समय से बीमार चल रहे सेवानिवृत्त शिक्षक इंद्रासन प्रसाद वर्मा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश जायसवाल, सभासद सूर्यनाथ यादव, पूर्व देहात मंडल अध्यक्ष रामायण कुशवाहा, दिनेश गुप्ता, देहात मंडल अध्यक्ष अमरजीत कुशवाहा, ग्राम प्रधान प्रभुनाथ प्रसाद, लल्लन यादव, महेंद्र गुप्ता, जय प्रकाश कुशवाहा, शंभू गुप्ता, श्यामबिहारी कुशवाहा, मोहन कुशवाहा, सिबलू सिंह, सुरेंद्र यादव सहित कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।









