महराजगंज। नगर पंचायत चौक के सभागार में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय मद्धेशिया एवं अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अभियान की रूपरेखा तैयार करने के साथ नगर क्षेत्र में स्वच्छता गतिविधियों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में सभासदगण, स्वच्छ भारत मिशन से अभय कुमार गुप्ता, प्रधान लिपिक मनोज यादव, सफाई निरीक्षक अनिल, सभी सफाई नायक एवं सफाई मित्र मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।









