खड्डा (कुशीनगर)। कुशीनगर के सरकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड छितौनी में बुधवार को समिति स्तरीय गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। समिति के उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह और संचालक मंडल के सदस्यों ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान गन्ना पर्यवेक्षकों और चीनी मिल के सहायक गन्ना प्रबंधकों ने किसानों को गन्ना सर्वे एवं सट्टा से संबंधित जानकारी दी।
प्रदर्शनी के दौरान किसानों ने अपने सर्वे और सट्टे से जुड़े अभिलेखों का अवलोकन किया। कई किसानों ने सर्वे में दर्ज जानकारी में आपत्ति होने की बात अधिकारियों के सामने रखी और शिकायतें दर्ज कराईं।
गन्ना विकास निरीक्षक पवन पटेल ने किसानों को आश्वस्त किया कि सर्वे और सट्टे से संबंधित आपत्तियों की नियमानुसार जांच कर उनका समाधान कराया जाएगा। जांच में सही पाए जाने वाली जानकारी के आधार पर ही सर्वे और सट्टे का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे प्रदर्शनी में अपने गन्ना सर्वे और सट्टे से संबंधित कागजात का मिलान जरूर कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित समय के भीतर आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उसका निस्तारण किया जा सके।
इस मौके पर समिति के पदाधिकारी, गन्ना पर्यवेक्षक, चीनी मिल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।









