मगरमच्छ के हमले में मछुआरे की मौत, कड़ी मशक्कत के बाद पानी से निकाला शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखीमपुर खीरी। पलिया कोतवाली क्षेत्र के बंसी नगर में बुधवार सुबह मगरमच्छ के हमले से एक मछुआरे की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तेरा गोले वाली पुलिया के पास मछली पकड़ने के दौरान मगरमच्छ ने मछुआरे पर हमला कर दिया और उसे खींचकर गहरे पानी में ले गया।

जानकारी के मुताबिक, पलिया कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महीगिरान निवासी करीब 55 वर्षीय अली हुसैन बुधवार सुबह अपने साथियों के साथ बंसी नगर स्थित पुलिया के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उनका जाल पानी में फंस गया। जाल निकालने के लिए अली हुसैन पानी में उतरे, तभी वहां मौजूद मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया।

हादसे के बाद साथ मौजूद लोगों और स्थानीय युवाओं ने मछुआरे को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और जोखिम उठाने के बाद युवाओं ने पानी में उतरकर अली हुसैन के शव को मगरमच्छ के चंगुल से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- शाहनवाज गौरी
स्थान- लखीमपुर खीरी
बाइट- परिजन

और पढ़ें

[the_ad id="164"]