लखीमपुर खीरी। स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर खीरी नगर पंचायत में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। अभियान के तहत नगर क्षेत्र में स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरपर्सन प्रतिनिधि फहीम अहमद ने की। बैठक में नगर पंचायत के सदस्य व उनके प्रतिनिधि, सफाई निगरानी समिति के सदस्य तथा अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार मौजूद रहे।
बैठक में अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाने में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
वहीं चेयरपर्सन प्रतिनिधि फहीम अहमद ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने की जिम्मेदारी नगर पंचायत के साथ प्रत्येक नागरिक की भी है। बैठक में सभी वार्डों में जागरूकता अभियान चलाने, नियमित निगरानी करने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।









