आरएसएस का तीन दिवसीय प्रारंभिक शिक्षा वर्ग 19 सितंबर से

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पडरौना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला पडरौना की ओर से प्रारंभिक शिक्षा वर्ग-2026 का आयोजन 19 से 21 सितंबर तक किया जाएगा। तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रविंद्र नगर स्थित स्वामी रामतीर्थ सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित होगा। वर्ग में स्वयंसेवकों को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ बौद्धिक, अनुशासनात्मक और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

संघ की ओर से जारी सूचना के अनुसार वर्ग का शुभारंभ 19 सितंबर शनिवार को शाम चार बजे होगा, जबकि समापन 21 सितंबर सोमवार को शाम छह बजे किया जाएगा। आयोजकों ने प्रतिभागी स्वयंसेवकों से निर्धारित समय पर पूरी तैयारी के साथ पहुंचने की अपील की है।

आयोजकों के अनुसार राष्ट्र साधना और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित एवं योग्य कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का आयोजन किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक गतिविधियों के साथ अनुशासन, संगठनात्मक कार्यपद्धति और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी।

वर्ग में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 13 वर्ष निर्धारित की गई है। कक्षा आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी, उससे ऊपर के विद्यार्थी और तरुण व्यवसायी स्वयंसेवक इसमें भाग ले सकते हैं।

प्रतिभागियों को निर्धारित वेशभूषा में आने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बिस्तर, चादर, मच्छरदानी, चप्पल, आवश्यक वस्त्र, साबुन, तेल, शीशा-कंघी, दंड तथा डायरी-कलम सहित व्यक्तिगत उपयोग की जरूरी सामग्री साथ लाने को कहा गया है। संघ की ओर से मोबाइल फोन और लैपटॉप जैसी कीमती वस्तुएं नहीं लाने की सलाह दी गई है।

प्रारंभिक शिक्षा वर्ग के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संघ पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों से समय से पहुंचकर प्रशिक्षण वर्ग में सहभागिता करने की अपील की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]