नौतनवा, महराजगंज। नौतनवा नगर के बाईपास हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर की ओर से सोनौली की तरफ जा रही एक अर्टिगा कार आगे चल रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महराजगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव की काइगर कार से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में अर्टिगा सवार छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार संतकबीर नगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के अमरढोभा गांव निवासी मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद ताल्हा, मोहम्मद हसन, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद अब्दुल्ला और मोहम्मद इलियास अर्टिगा कार संख्या UP 51 AW 9001 से नेपाल घूमने जा रहे थे। बताया गया कि मंगलवार को उनकी कार नौतनवा बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची। इसी दौरान आगे चल रही वीरेंद्र राव की काइगर कार से अर्टिगा की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद अर्टिगा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना में अर्टिगा सवार सभी छह लोग चोटिल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकलवाया और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिससे हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में घायल लोगों की स्थिति और हादसे से संबंधित अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।









