नौतनवा, महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को तकनीकी कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल कैंपियरगंज द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम शेष फरेंदा के पंचायत भवन परिसर में 21 दिवसीय मोबाइल एवं लैपटॉप मरम्मत प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सीमा चौकी डंडाहेड के कार्यक्षेत्र में किया गया। 66वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट बिप्लव दौला गजऊ के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में सीमावर्ती क्षेत्र के कुल 21 युवाओं को मोबाइल और लैपटॉप मरम्मत का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान कुशल प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को मोबाइल एवं लैपटॉप की मरम्मत से जुड़ी विभिन्न तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवा अपने स्तर पर रोजगार या स्वरोजगार शुरू कर सकेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी मौजूद रहे। उन्होंने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण का गंभीरता से लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसएसबी की ओर से सहायक कमांडेंट आदित्य जायसवाल, उपनिरीक्षक गोपी किशन नौटियाल सहित 10 अन्य कार्मिक मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम प्रधान महेंद्र यादव, ग्राम सेवक साहेब यादव, खनुआ पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह सहित एसएसबी और पुलिस के जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं में प्रशिक्षण को लेकर उत्साह देखने को मिला। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि ऐसे नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।









