12 घंटे में सिर्फ 2 घंटे 40 मिनट बिजली, बार-बार रोस्टिंग से लोगों में आक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर के हाटा तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक इमरजेंसी रोस्टिंग के नाम पर बार-बार बिजली काटी जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

हाटा क्षेत्र के भिसवा विद्युत सब स्टेशन से मिले आंकड़ों के मुताबिक, शाम 6:10 से रात 9:10 बजे तक लगातार तीन घंटे बिजली गुल रही। इसके बाद 20 मिनट की सप्लाई के बाद रात 9:30 से 11:30 बजे तक दो घंटे कटौती हुई। रात 11:30 बजे बिजली आने के करीब 35 मिनट बाद फिर 12:05 से 2:05 बजे तक दो घंटे बिजली बंद रही। इसके बाद करीब एक घंटे की सप्लाई के बाद 3:05 से 4:05 बजे तक फिर कटौती हुई। सुबह 4:05 बजे बिजली आने के 50 मिनट बाद 5:15 से 6:15 बजे तक एक घंटे की कटौती की गई।

इस तरह 12 घंटे की अवधि में करीब 9 घंटे 20 मिनट रोस्टिंग में निकल गए और लोगों को महज 2 घंटे 40 मिनट ही बिजली मिल सकी। भीषण गर्मी में इनवर्टर भी जवाब दे गए और लोग रातभर परेशान रहे।

पट्टन बड़े विद्युत स्टेशन से हाटा, खोट्ठा, भिसवा, हाटा नगर और हाटा देहात सब स्टेशनों को बिजली मिलती है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक सप्ताह से स्थिति लगातार खराब है। आनंद, सोनू, उमेश, दिनेश, उदय, मनीष, मुन्ना, वरुण, अंकुश और विजय समेत अन्य लोगों ने बिजली कटौती में सुधार की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]