सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में रायपुर से मंगलछपरा जाने वाले जर्जर मार्ग को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर आ गया। राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में एकत्र हुए ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सांकेतिक धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए राजन विश्वकर्मा ने कहा कि रायपुर-मंगलछपरा मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। पूरी सड़क जगह-जगह टूटकर गड्डों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आवागमन बेहद दुष्कर हो गया है। बारिश होने पर इन बड़े-बड़े गड्डों में जलभराव हो जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक भी रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।प्रदर्शनकारियों ने सड़क के तुरंत मरम्मत की पुरजोर मांग उठाई और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा।
मामले में राजन विश्वकर्मा ने लोक निर्माण विभाग (महराजगंज) के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर मांग की है कि विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर आकर मार्ग का निरीक्षण करें और जल्द से जल्द पक्की सड़क के निर्माण का कार्य शुरू कराएं।
इस सांकेतिक धरने में मुख्य रूप से राजेश कुमार, सत्यम पांडेय, गुड्डू, कयामुद्दीन, राजकुमार, मेहताब, इशराफिल, शुकरुल्लाह, जाहिद, नरेंद्र यादव, आलोक, और रामकरण सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्टर अरुणेश कुमार गुप्त









