बिल्हौर ब्लॉक परिसर में नाबालिग से सफाई कराने का आरोप, सरकारी कर्मचारी की कार्यशैली पर सवाल
कानपुर। बिल्हौर ब्लॉक परिसर से सरकारी व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहां करीब 10 साल का एक बच्चा हाथ में झाड़ू लेकर परिसर की सफाई करता दिखाई दे रहा है। वहीं, पास में तैनात सफाईकर्मी अरविंद कथित तौर पर बैठकर अखबार पढ़ते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद नाबालिग से काम कराए जाने और सरकारी कर्मचारी की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि बिल्हौर ब्लॉक परिसर में सफाई की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की है। इसके बावजूद वीडियो में एक मासूम सफाई करता दिखाई दे रहा है। वहीं सफाईकर्मी के हाथ में अखबार नजर आ रहा है।
आरोप है कि सफाईकर्मी खुद काम करने के बजाय कथित रूप से कुछ रुपये के बदले बच्चे से सफाई का काम कराता है। हालांकि, इस आरोप की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब का है और बच्चे से सफाई किस परिस्थिति में कराई गई।
मामला सामने आने के बाद नाबालिग से श्रम कराने के साथ ही सरकारी कर्मचारी की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सरकारी परिसर में ही बच्चों से काम कराया जा रहा है तो जिम्मेदार अधिकारियों को मामले की जांच करनी चाहिए।
अब सवाल है कि जब सफाई की जिम्मेदारी कर्मचारी की है, तो मासूम के हाथ में झाड़ू क्यों दिखाई दे रही है? मामले में प्रशासनिक जांच और कार्रवाई का इंतजार है।
रिपोर्ट: विपिन सागर, कानपुर









