20 साल से मंडी और वेंडिंग जोन की मांग, 18 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), मंगलवार। फल-सब्जी व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में कारोबारियों ने पिछले 20 वर्षों से लंबित फल-सब्जी उप-मंडी और वेंडिंग जोन की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने कहा कि लंबे समय से मंडी और वेंडिंग जोन की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि मंडी और निर्धारित वेंडिंग जोन नहीं होने के कारण फल-सब्जी कारोबारी नगर में अलग-अलग स्थानों पर कारोबार करने को मजबूर हैं। अतिक्रमण के नाम पर आए दिन उन्हें हटाया जाता है, जिससे कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है।

बैठक में एसोसिएशन ने घोषणा की कि अनुमति मिलने पर 18 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। कारोबारियों ने प्रशासन से फल-सब्जी उप-मंडी और स्थायी वेंडिंग जोन उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही फल-सब्जी के कच्चे माल को लेकर आने वाले वाहनों को नो-एंट्री में छूट देने की भी मांग उठाई गई।

अध्यक्ष ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कारोबारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की।

बैठक में उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल के अलावा राजकुमार सोनकर, शीला देवी, जमुना देवी, रुक्मिणी देवी, संजू देवी, मंजू देवी, जीवित सोनकर, त्रिलोकी सोनकर, संजय सोनकर, अजय सोनकर और वीरेंद्र सोनकर मंगल जायसवाल दीपक कुमार सहित अन्य व्यवसायी मौजूद रहे।

 

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]