तीनों की हालत गंभीर, बहराइच मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर
बहराइच। हरदी थाना क्षेत्र के गदामार गांव में पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी/पोर्टेबल फैन में करंट उतरने से एक ही परिवार के पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं। तीनों को आनन-फानन में बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी 45 वर्षीय बहादुर सिंह की 28 वर्षीय बेटी पारुल पूजा कर रही थी। इसी दौरान वह करंट प्रवाहित फैन की चपेट में आ गई और उससे चिपक गई। बेटी को करंट लगा देखकर उसे बचाने के लिए पहुंचे पिता बहादुर सिंह भी इसकी चपेट में आ गए।
इसी बीच पीछे से बचाने पहुंची उनकी दूसरी बेटी 22 वर्षीय प्राची भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बहराइच मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों का इलाज लखनऊ में कराया जा रहा है। हादसे में अभी किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार फैन में करंट कैसे उतरा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा
लोकेशन: बहराइच, उत्तर प्रदेश









