उरमौरा ढाबे के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हादसा, स्कूली वाहनों की फिटनेस पर उठे सवाल
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब ग्लेनहिल स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहे स्कूली वाहन का अचानक अगला चक्का टूट गया। वाहन अनियंत्रित होने के बावजूद चालक ने किसी तरह उसे संभाल लिया। हादसे में वाहन सवार करीब 20 बच्चे सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सात बजे वाहन बच्चों को लेकर ग्लेनहिल स्कूल रॉबर्ट्सगंज जा रहा था। इसी दौरान वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर उरमौरा ढाबे के पास अचानक वाहन का अगला चक्का टूट गया। चक्का टूटने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे उसमें सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई बच्चा घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कुछ अभिभावक और स्कूल प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित स्कूल भेजा गया। हादसे के बाद अभिभावकों ने स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अभिभावकों का कहना है कि परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच और अभियान चलाए जाने के बावजूद यदि खस्ताहाल वाहन बच्चों को लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्कूली वाहनों की दोबारा जांच कराने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: अमलेश सोनकर









