खड्डा में किसानों को रिकॉर्ड दुरुस्त कराने का अंतिम मौका, इसके बाद सट्टे से जुड़ी आपत्तियां नहीं होंगी स्वीकार
खड्डा (कुशीनगर)। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड खड्डा-कुशीनगर की ओर से पेराई सत्र 2026-27 के लिए समिति परिसर में गन्ना सर्वे-सट्टा प्रदर्शन मेले का आयोजन किया गया है। 15 सितंबर से शुरू हुआ यह मेला 24 सितंबर तक चलेगा। मेले का उद्देश्य किसानों को उनके गन्ना सर्वे, कृषि योग्य भूमि, गन्ना उत्पादन और सट्टे से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर उसमें किसी भी तरह की त्रुटि को समय रहते दुरुस्त कराने का अवसर देना है।
समिति ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने अभिलेखों की जांच कर लें। सर्वे अथवा सट्टे से संबंधित किसी भी प्रकार की गलती पाए जाने पर 24 सितंबर 2026 तक आपत्ति या शिकायत दर्ज कराकर उसका समाधान करा लें। समिति के अनुसार आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सट्टा सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद सट्टे से संबंधित आपत्तियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मेले में किसानों को अपने गन्ना सर्वे और सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी लेने के साथ उसमें दर्ज कमियों को ठीक कराने का अवसर मिल रहा है। समिति का कहना है कि समय रहते अभिलेखों की जांच कराना किसानों के लिए बेहद जरूरी है, ताकि आगामी गन्ना पेराई सत्र में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान केन यूनियन खड्डा के अध्यक्ष सुप्रियमय मालवीय ने समिति कर्मचारियों से किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दूर करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से उन्हें गन्ना आपूर्ति और सट्टे से संबंधित किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वहीं, समिति परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों और समिति पदाधिकारियों ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।









