कसया। 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में घूमकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद जिला संयोजक नीतीश सिंह के नेतृत्व में प्राचार्य प्रो. विनोद मोहन मिश्र को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नियमित कक्षाओं का संचालन और शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पुस्तकालय में पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराने, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा जर्जर भवनों की मरम्मत, प्रयोगशालाओं में आवश्यक सामग्री व उपकरण उपलब्ध कराने तथा छात्राओं के लिए प्रसाधन की व्यवस्था कराने की मांग भी शामिल है।
जिला संयोजक नीतीश सिंह ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो परिषद आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।
प्राचार्य प्रो. विनोद मोहन मिश्र ने कहा कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य भी जल्द पूरा करा दिए जाएंगे। छात्राओं के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
इस दौरान शिवम सिंह, अजय शर्मा, अभिनव सिंह, नवदीप यादव, आदित्य गांधी और अंकुश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन, प्राचार्य ने कहा- अधिकांश कार्य हो चुके, शेष जल्द होंगे पूरे









