कुशीनगर। विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। VIP पार्टी के जिलाध्यक्ष सौखी निषाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर हत्याकांड में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पार्टी नेताओं का कहना है कि कुशीनगर निवासी विनोद साहनी की कुछ दिन पूर्व हत्या कर दी गई थी। घटना को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान सरकार से मृतक परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
VIP पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि हत्यारोपियों के खिलाफ एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की जाए। दूसरी मांग में मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की गई है। वहीं तीसरी मांग में मृतक विनोद साहनी के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों पर NSA के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सौखी निषाद समेत जिला उपाध्यक्ष जीतेन्द्र साहनी मुन्ना, मनोज साहनी, महिला जिलाध्यक्ष किस्मती निषाद और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, उनकी आवाज उठती रहेगी।









