एंबुलेंस जाम में फंसी, फिर भी नहीं थमा डीजे का शोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस के बार-बार आवाज कम करने के निर्देश की अनदेखी, डीजे संचालक पर प्राथमिकी

कसया। डोल मेले के जुलूस में तेज आवाज में डीजे बजाना संचालक को भारी पड़ गया। गांधी चौक पर डीजे की तेज आवाज और जुलूस में लोगों के नाचने से आवागमन बाधित हो गया। देखते ही देखते जाम लग गया और एक एंबुलेंस भी इसमें फंस गई। पुलिस ने कई बार डीजे की आवाज कम करने और वाहन किनारे करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि संचालक ने निर्देशों की अनदेखी की। मामले में कसया पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कसया नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आठ सितंबर को डोल मेले के दौरान उपनिरीक्षक मनोज द्विवेदी हमराह सिपाहियों के साथ गांधी चौक पर शांति व्यवस्था में तैनात थे। इसी दौरान एकता सेवा दल, वार्ड नंबर 18 मथौली-कसया के जुलूस में आरएस डीजे कुशीनगर का वाहन तेज आवाज में डीजे बजाते मिला। पुलिस के अनुसार वाहन पर करीब 22 से 24 बड़े साउंड और 24 से 28 ट्विटर हार्न लगे थे।

तेज आवाज से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हुई। कुछ लोगों ने सांस लेने में दिक्कत होने की भी शिकायत की। जुलूस के कारण गांधी चौक पर जाम लगने से एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस ने डीजे संचालक अभय प्रताप सिंह निवासी सिरसिया खोहिया, थाना कसया को कई बार आवाज कम करने और वाहन किनारे करने के लिए कहा, लेकिन उसने निर्देशों का पालन नहीं किया। पुलिस ने मौके की फोटो और वीडियो भी बनाए।

पुलिस के मुताबिक तेज आवाज में डीजे बजाने से लोक शांति प्रभावित हुई और आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई। मामले में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि डीजे संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]