देवरिया। सुभाष चौक पर समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शनकारियों ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने के फैसले का विरोध किया। उन्होंने सरकार से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विद्यालयों को बंद करने से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो सकती है।
वहीं, बेरोजगारी के मुद्दे पर भी प्रदर्शनकारियों ने सरकार को घेरा। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और बेरोजगारी की समस्या के समाधान की मांग की गई।
धरने के दौरान राम मंदिर के नाम पर मिले चंदे में कथित अनियमितता और चंदा चोरी के आरोपों का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की।
रिपोर्ट— फिरोज खान, देवरिया









