सहारनपुर। माता शाकंभरी देवी झंडा मेले से पहले प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मंदिर परिसर में संयुक्त मॉकड्रिल की। मिर्जापुर थाना क्षेत्र स्थित माता शाकंभरी देवी और भूरा देव मंदिर परिसर में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास किया।
13 से 26 सितंबर तक प्रस्तावित झंडा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बारिश, नदी के तेज बहाव, आग और अन्य संभावित आपदाओं को देखते हुए मॉकड्रिल में आपात स्थिति की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी, भीड़ नियंत्रण और राहत-बचाव कार्य का अभ्यास किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान प्रभावित लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर लाया गया। गंभीर स्थिति में सीपीआर और प्राथमिक उपचार देने के साथ एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी परखी गई। वहीं, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी में फंसे व्यक्ति को रस्से और सुरक्षा उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।
अधिकारियों ने रेस्क्यू टीमों का रिस्पॉन्स टाइम और आपसी समन्वय भी जांचा। अधिकारियों ने सभी टीमों को मेले के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट— काशिफ खान









