महराजगंज। विधायक निधि से जुड़े एक कार्य में अधिकारियों के नाम पर कथित कमीशन मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विकास भवन में तैनात वरिष्ठ सहायक के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला सात सितंबर को उस समय सामने आया, जब एक न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में विधायक निधि से संबंधित एक कार्य के सिलसिले में कथित तौर पर कमीशन की मांग किए जाने की बात सामने आई। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई।
विभागीय स्तर से कार्रवाई करते हुए परियोजना निदेशक रामदरस चौधरी ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में कहा गया कि कथित लेन-देन से संबंधित वीडियो के वायरल होने से लोगों के बीच भ्रम और आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही इस तरह के मामले से शासन-प्रशासन की छवि प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परियोजना निदेशक ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की। सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर विकास भवन में तैनात वरिष्ठ सहायक अर्जुन कुमार गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस अब वायरल वीडियो, उसमें सामने आए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर वरिष्ठ सहायक अर्जुन कुमार गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।









