शाहजहांपुर। में पत्रकारों के एक शिष्टमंडल ने प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से राजभवन कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पत्रकारों ने शाहजहांपुर में आमजन से जुड़ी विभिन्न प्रमुख समस्याओं को वित्तमंत्री के समक्ष रखा।
भेंट के दौरान वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पत्रकारों से जिले की विकास संबंधी समस्याओं और आमजन को हो रही परेशानियों की जानकारी ली। पत्रकारों ने शहर में चल रहे विकास कार्यों के दौरान सड़कों के धंसने, पाइपलाइन के लिए बार-बार सड़कों की खुदाई, निर्माणाधीन कार्यों के कारण लंबे समय तक मार्ग बंद रहने तथा शहर में जाम की समस्या सहित अन्य मुद्दे उठाए।
पत्रकारों ने विकास कार्यों को व्यवस्थित तरीके से नहीं कराए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही जिले के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सीयूजी नंबर रिसीव नहीं किए जाने तथा किसी घटना या जनसमस्या के दौरान अधिकारियों द्वारा अपना पक्ष रखने से बचने की समस्या से भी वित्तमंत्री को अवगत कराया गया।
पत्रकारों ने वित्तमंत्री से पत्रकारों के हित और उनके भविष्य को लेकर सरकार की ओर से कोई प्रभावी योजना लाने की मांग भी रखी।
वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पत्रकारों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें अपनी डायरी में नोट किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही धरातल पर इसका असर दिखाई देगा।
वित्तमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शाहजहांपुर में 184 विकास कार्यों के लिए 6234.53 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि इसकी पहली किश्त के रूप में 3117.27 लाख रुपये (31 करोड़ 17 लाख 27 हजार रुपये) की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।
सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उनका सपना है कि शाहजहांपुर विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़े और जिले के लोगों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास को लेकर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।
पत्रकारों के हितों से जुड़े सवाल पर वित्तमंत्री ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार पत्रकारों के उचित भविष्य को लेकर भी विचार कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पत्रकारों के हित में सरकार की ओर से कुछ बेहतर कदम उठाए जा सकते हैं।
इस दौरान पत्रकार राजीव मिश्रा, चंदन सिंह, अभिषेक चौहान, शुभम श्रीवास्तव, उदित शर्मा, मनोज मिश्रा, शशांक सोमवंशी, नरेंद्र खोजी, अजय यादव, अजीत मिश्रा, तबस्सुम, अंकित जौहर, राहुल अवस्थी, गोविंद अवस्थी, सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।चाहें









