मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो हत्यारोपित गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र के चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों चाइना अंसारी और अंबुज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे चाइना अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, भलुअनी थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 143/2026 के तहत दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस का कहना है कि चाइना अंसारी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कथित आलाकत्ल सोनाड़ी रोड से बरामद किया गया था। बरामदगी के बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर वापस लौट रही थी।

भोर के समय अचानक एक नीलगाय पुलिस वाहन के सामने आ गई, जिससे वाहन फिसलकर सड़क के नीचे चला गया और उसका पहिया फंस गया। पुलिसकर्मी वाहन निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपी चाइना अंसारी ने एक उपनिरीक्षक की रिवाल्वर छीन ली और भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें चाइना अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई रिवाल्वर भी बरामद कर ली। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।

लोकेशन — देवरिया
रिपोर्ट — फिरोज खान

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]