बिजनौर। मोहल्ला काजीपाड़ा में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार युवकों पर एक युवक का पीछा कर सरेराह फायरिंग करने का आरोप लगा। गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक बाइक, लोडेड तमंचा और छूरा बरामद कर कब्जे में लिया है।
जानकारी के अनुसार बुल्ला का चौराहा निवासी आमिर पुत्र अफसर का रामलीला क्षेत्र निवासी वासु से विवाद चल रहा है। आमिर का आरोप है कि एक दिन पहले वासु और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसने मेडिकल जांच कराकर पुलिस को तहरीर दी थी।
आरोप है कि शनिवार रात वासु और उसके साथी तीन बाइकों से आमिर का पीछा करते हुए काजीपाड़ा पहुंचे। आमिर बचने के लिए कारी अरशद वाली गली में घुस गया। इसी दौरान उसके पीछे फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
इसी बीच वाल्मीकि बस्ती के कुछ युवक भी मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। हड़बड़ाहट में आरोपी एक बाइक मौके पर ही छोड़ गए। पुलिस ने बाइक के साथ एक लोडेड तमंचा और छूरा बरामद किया है।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि काजीपाड़ा में घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लोकेशन: बिजनौर, यूपी
रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान
मोबाइल: 9837435189









