फतेहपुर जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के केवटरा भरसा गांव में नोन नदी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि रामकिशुन निषाद का पुत्र अंकित निषाद रोज की तरह जानवर चराने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह खोजबीन के दौरान नदी किनारे उसका शव पड़ा मिला।
परिजनों के मुताबिक, किशोर मूक एवं मानसिक रूप से विक्षिप्त था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह नदी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता रामकिशुन निषाद निजी कंपनी में बाहर रहकर काम करते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









