महराजगंज। बृजमनगंज आदर्श नगर पंचायत के अध्यक्ष राकेश जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सेवा संकल्प अभियान का महराजगंज जिला प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही बृजमनगंज सहित पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं और नगर पंचायत के सभासदों ने राकेश जायसवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि राकेश जायसवाल लंबे समय से संगठन और जनसेवा से जुड़े रहे हैं। वे पार्टी के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करते रहे हैं। नगर पंचायत में विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा हाल ही में गौशाला के शुभारंभ को उनकी सेवा भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि राकेश जायसवाल के नेतृत्व और सक्रियता से सेवा संकल्प अभियान को जिले में मजबूती मिलेगी। अभियान के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में संगठन को गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

नवनियुक्त जिला प्रभारी राकेश जायसवाल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के सेवा संकल्प को जिले के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी बच्चू लाल चौरसिया, मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख उदयराज यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, जेपी गौड, कन्हैया चौहान, सभासद झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, प्रद्युम्न सिंह, मनोज जायसवाल, चंद्रशेखर यादव, राजन चौरसिया, राजू जायसवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।









