गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत लेहड़ा मंदिर पहुंचे वृंदावन के संत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत वृंदावन धाम से पधारे साधु-संत एवं साध्वी का फरेंदा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लेहड़ा मंदिर में आगमन हुआ। संतों ने मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। संतों के आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने संतों का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

अभियान को स्थानीय स्तर पर गति देने के लिए सचिन पांडेय को ब्लॉक संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिम्मेदारी मिलने पर अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अभियान के उद्देश्यों, गौ संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।

वृंदावन से आए संतों ने श्रद्धालुओं को गौ माता के सम्मान, सेवा और संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष महत्व है। गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और संवेदना की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने लोगों से गौ संरक्षण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर पहल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

संतों ने कहा कि संतों का सान्निध्य समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संतों के विचार और आशीर्वचन लोगों को आध्यात्मिक शांति के साथ सेवा, सद्भाव और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

ब्लॉक संयोजक बनाए गए सचिन पांडेय ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से लोगों को गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और वृंदावन से आए संतों से आशीर्वाद लिया। पूरे लेहड़ा मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था, उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]