नेबुआ नौरंगिया (कुशीनगर)। विकासखंड नेबुआ नौरंगिया के पकड़ियार बाजार गांव में नाली का पानी रोकने को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम प्रधान निदेश चौधरी ने गांव के दो लोगों पर नाली में दीवार बनाकर पानी का बहाव रोकने का आरोप लगाया है।
ग्राम प्रधान के अनुसार, गांव के मुख्य मार्ग के किनारे जलनिकासी के लिए नाली बनी हुई है। आरोप है कि नाली में दीवार खड़ी कर दिए जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई है और आसपास जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी के साथ ही बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
प्रधान का कहना है कि समस्या को लेकर पहले भी स्थानीय थाने और डायल 112 पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। नाली खोलने की बात कहने पर संबंधित लोगों द्वारा गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर नाली पर किए गए कथित अवरोध को हटवाने तथा जलनिकासी की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। मामले में प्रशासन की कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









