बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव के पास नहर की पटरी पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ई-रिक्शा चालक संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल युवक की पहचान मुंडाखेड़ा गांव निवासी कासिम के रूप में हुई है। उसके गले और हाथ पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। घटना की सूचना पर सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री के साथ खुर्जा नगर और खुर्जा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक शराब के नशे में था और प्रथम दृष्टया उसके द्वारा खुद पर धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल घायल कासिम का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।









